February 23, 2026

संवाददाता 

कानपुर। एक  अनियंत्रित वैन तालाब में पलट गई जिसमें सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की डूबकर मौत हो गई। मरने वालों में बुजुर्ग पति-पत्नी उनकी बेटी और 1 साल का नाती शामिल हैं।

यह परिवार कानपुर शहर के कल्याणपुर में आवास विकास का रहने वाला था। औरैया में तेरहवीं कार्यक्रम में शिरकत कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में वैन बेकाबू होकर तालाब में गिर गई।

पुलिस ने गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लोगों को तालाब से बाहर निकाला। सभी को तत्काल सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने मासूम समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। 

कानपुर शहर के कल्याणपुर स्थित आवास विकास के रहने वाले राजकिशोर अग्निहोत्री की सास की मौत 13 दिन पहले हुई थी। राजकिशोर और परिवार के 11 लोग वैन से औरैया में साहयल गांव तेरहवीं में गए थे। सभी वापस कल्याणपुर घर लौट रहे थे।

इसी दौरान कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी सवाई गांव के पास वैन बेकाबू होकर तालाब में गिर गई। धीरे-धीरे गहरे पानी में चली गई। कार के डोर लॉक हो गए। लोग अंदर छटपटाते रहे। चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे लोग मदद को पहुंचे।

शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह ने जेसीबी मंगवाकर कार को बाहर निकलवाया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर 10 में से 8 लोग बाहर निकाले गए। चालक राजकुमार समेत दो लोग लापता थे। पुलिस ने सभी को शिवली सीएचसी भिजवाया। जहां 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों में राजकिशोर, उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री, बेटी हिमानी उर्फ राखी और राखी का एक साल के बेटे शिव की मौत हुई है।