March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
पश्चिम ज़ोन में अपराध करके शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले चार अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पनकी, रावतपुर और सचेण्डी थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों के खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही की गई है।
रावतपुर थानाक्षेत्र से आयुष शर्मा उर्फ गोलू को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया है। गोलू के खिलाफ दंगा,चोट पहुंचाना, शांति भंग,हिंसा सम्बन्धित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
पनकी थाना क्षेत्र से मुस्तफा उर्फ छोटू के खिलाफ दंगा,चोट पहुंचाना,अपमान करना,हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज थे। पनकी के एक अन्य आरोपी अमित सिंह सेंगर उर्फ पुच्ची के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट,शांति भंग आदि की धाराओं में मामले दर्ज है। पनकी पुलिस ने दोनों को तीन-तीन माह के लिए ज़िला बदर किया गया है।
सचेंडी थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा घनश्याम निवासी शंकर सिंह उर्फ धीरज उर्फ धीरू पर सबसे लंबा प्रतिबंध लगा है। धीरू के विरुद्ध धमकी, हमला, आपराधिक बल,एससी,एसटी और हिंसा से जुड़े आरोप में कई मामले दर्ज हैं,उसे छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए यह कार्यवाही की है। 

एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।