March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर।
पनकी के बी-ब्लॉक में रिटायर्ड ऑर्डिनेंस कर्मचारी के घर से 25 लाख का माल पार करने के मामले में भाजपा नेता समेत चार शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। शातिरों ने किडनी का इलाज कराने नोएडा गए रिटायर्ड ऑर्डिनेंस कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाया था।
चोरों ने रायपुरवा निवासी ज्वैलर्स व भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष को को चांदी बेची थी, जिसे उसने गला दिया था। पुलिस ने ज्वैलर्स से करीब 6 किलो चांदी की सिल्ली बरामद की है।
बी-ब्लॉक निवासी सुनील कुमार गुप्ता ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से रिटायर्ड हैं। परिवार में पत्नी और बेटा दीपांशु रहते हैं। सुनील ने बताया था कि उनका बेटा दीपांशु नौकरी के लिए नोएडा गया था। इस दौरान वह किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए वह तीन माह से पत्नी संग बेटे के पास नोएडा में रह रहे थे।
जिसके बाद उनके बंद पड़े मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दीपांशु ने मोबाइल पर देखी तो सामान बिखरा मिलने पर उन्हें शक हुआ था। जिस पर फुटेज खंगाली जिसमें तीन चोर इत्मीनान से घटना को अंजाम देते हुए कैद हो गए थे। चोरों ने सुनील के घर से 2.50 लाख कैश, जेवरात समेत करीब 25 लाख का माल पार कर दिया था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 

पनकी इंस्पेक्टर मनोज भदौरिया ने बताया कि फुटेज के आधार पर कौशांबी निवासी दिनेश उर्फ राकेश सोनकर, फजलगंज निवासी अरुण बाल्मीकी, गुजैनी निवासी किशन सोनकर के साथ लक्ष्मीपुरवा निवासी ज्वैलर्स व भाजपा के रायपुरवा मंडल के कोषाध्यक्ष विपिन वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
पनकी थाना प्रभारी ने बताया कि भाजपा नेता विपिन वर्मा ने चोरी के जेवरात खरीदे थे। जिन्हें उसने गला दिया था, आरोपी के पास से करीब 6 किलो चांदी मिली है। वहीं दिनेश के खिलाफ नौबस्ता, हनुमंत विहार और पनकी थाने में 11, जबकि किशन सोनकर के खिलाफ कल्याणपुर, पनकी, नौबस्ता में 6 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के पास से 58 ग्राम सोने के जेवर,1.43 किलो चांदी के जेवर ,करीब 6 किलो चांदी की सिल्ली, 1.07 लाख कैश, तमंचा व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।