
संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र और देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को होटल लैंडमार्क में आयोजित फॉगसी नेशनल प्रेजिडेंशियल कांफ्रेंस 2025 का उद्घाटन किया।
दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, फॉगसी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीता तांडुलवाडकर, आयोजन अध्यक्ष डॉ. मीरा अग्निहोत्री और सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में रामनाथ कोविंद ने कुलपति प्रो. पाठक द्वारा विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए नि:शुल्क वैक्सीनेशन अभियान और टीबी उन्मूलन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण है।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने मंच से नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, नेतृत्व विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारे संस्थान की प्राथमिकता है। टीबी उन्मूलन के लिए मेडिकल गाइडेंस और पोषण पेटी के साथ-साथ महिलाओं के लिए फ्री वैक्सीन विश्वविद्यालय के सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
यह फॉगसी सम्मेलन 14 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें देशभर से स्त्री रोग विशेषज्ञ, शोधकर्ता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।






