
संवाददाता
कानपुर। सर्दी ने दिन में भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में धूप न निकलने से अधिकतम तापमान दिन में 4.8 डिग्री गिरकर 15.3 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 7.6 डिग्री कम है। दिन के तापमान की बात करें तो यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।
इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री दर्ज किया गया था। दिन में धूप न निकलने से आमजन को सर्द हवाओं के कारण सर्दी का एहसास हुआ। डीएम ने 19 और 20 दिसंबर को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो वह 4.6 डिग्री बढ़कर 10.6 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान भले ही अधिक रहा हो लेकिन कोहरे और ओस की बूंदों ने गलन वाली सर्दी का एहसास कराया।
सुबह से ही सड़कों पर कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी की बात करें तो वह करीब 20 मीटर रही। धूप न निकलने के कारण पूरे दिन हल्का कोहरा छाया रहा।
शाम होते होते कोहरे ने एक बार फिर शहर को अपने आगोश में ले लिया। रात होते होते शहर में कोहरा छा गया। विजिबिलिटी कम होने के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि
आने वाले दिनों में नमी के कारण धुंध और कोहरा रह सकता है। लेकिन दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाएं बनी रहेंगी। कानपुर मंडल में रात, दिन के तापमान में उतार चढ़ाव रहने के साथ रात, सुबह, शाम और दिन मैं भी गलन रहेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
कोहरे और सर्दी का असर ट्रेनों पर भी पड़ने लगा है। आज तेजस, वंदे भारत व शताब्दी समेत 38 ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 22416 अपने तय समय से दो घंटे 25 मिनट देरी से सेंट्रल स्टेशन आई।
शाम 7.18 पर आने वाली वंदे भारत रात 9.33 बजे आई। इसके अलावा नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली आईआरसीटीसी तेजस एक्सप्रेस 82502 अपने तय समय से एक घंटे देरी से कानपुर पहुंची। वहीं, नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली कोलकाता राजधानी 12302 अपने तय समय से 1.24 घंटे, नई दिल्ली से राजेंद्र नगर पटना जाने वाली राजधानी 12310 एक घंटे पांच मिनट, सियालदह राजधानी 12314 भी 2.27 घंटे देरी से आई। इसके अलावा हमसफर ट्रेने सात से आठ घंटे लेट रही।






