
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर नगर पालिका कार्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका चेयरमैन इखलाक खां और अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा द्वारा ध्वजारोहण से हुई। तिरंगा फहराते ही परिसर राष्ट्रीय गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित अन्य महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने भी महापुरुषों को नमन किया।
चेयरमैन इखलाक खां ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान की भावना और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसी दिन संविधान लागू हुआ था, जिसने प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता और न्याय का अधिकार प्रदान किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और संविधान के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा ने 26 जनवरी को भारत के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि इसी दिन देश में अपना कानून लागू हुआ और नागरिकों को स्वतंत्रता से जीने का अधिकार मिला। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 2 वर्ष 11 महीने 18 दिन की अथक मेहनत से बना संविधान आज भी देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में सभासद अशोक चंद तिवारी, बबलू पांडेय, जीशान अंसारी सहित नगर पालिका के कर्मचारी और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को देश की अखंडता, भाईचारा, समानता बनाए रखने तथा संविधान का पालन करने का संकल्प दिलाया।





