March 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  घाटमपुर थाना क्षेत्र के हथेरुआ गांव में आपसी खुन्नस के चलते एक युवक ने दूसरे युवक की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद उसने खुद ही अपने घर के छप्पर में आग लगा दी और फिर थाने पहुंचकर पीटे गए युवक के खिलाफ लिखित शिकायत देने लगा।
बताया जा रहा है, कि शिकायत अनुसूचित जाति के युवक की ओर से की जा रही थी, जिसके चलते पुलिस दूसरे युवक को पकड़कर थाने ले आई और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान मारपीट की घटना का एक वीडियो सामने आ गया, जिसे गांव के ही एक युवक ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में शिकायतकर्ता युवक खुद ही दूसरे युवक की पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को मामले की असलियत का पता चला और कार्रवाई रोक दी गई।
घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट करने के बाद अपने घर में आग लगा ली है। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद घटना की सच्चाई स्पष्ट हो गई है। उन्होंने बताया कि यदि पीटा गया युवक तहरीर देगा, तो मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Related News