March 7, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर और आसपास के इलाकों में बीते दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम का रुख बदल गया है। वातावरण शुष्क हो गया है और उमस लोगों को परेशान करने लगी है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही जरूर रहेगी, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि 12 सितम्बर तक कानपुर और आसपास के जिलों में शुष्क मौसम रहेगा। इस दौरान दिन में तेज धूप निकलेगी, जिससे तापमान और उमस दोनों बढ़ेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर की शुरुआत में हुई बारिश के बाद अब मौसम गर्मी की ओर लौट रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि बीते 24 घंटों में शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है।
सुबह में आर्द्रता का स्तर 81 प्रतिशत और शाम को 60 प्रतिशत दर्ज किया गया। हवाओं की औसत गति 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो आने वाले दिनों में 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक बनी रह सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि ट्रफ लाइन इस समय गुजरात के भुज से लेकर राजस्थान के वनस्थली, उत्तर प्रदेश के आगरा-बाराबंकी, बिहार के डाल्टनगंज, झारखंड के रांची होते हुए पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
उत्तर पश्चिमी हवाएं अरब सागर से नमी लेकर उत्तर भारत तक पहुंच रही हैं। इन हवाओं के असर से आसमान साफ रहेगा और धूप और तेज निकलेगी।
उत्तर-पूर्वी अरब सागर और दक्षिणी पाकिस्तान के ऊपर बना कम दबाव वाला क्षेत्र पिछले कई घंटों से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसकी रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। यह कराची से लगभग 170 किमी पश्चिम और गुजरात के नलिया से 390 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ घंटों में यह और कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल जाएगा।