March 8, 2026

• मिशन 2027 पर रणनीति, विकास और संगठन समन्वय पर चर्चा

संवाददाता 

कानपुर। शहर के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की समन्वय बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। करीब दो घंटे से अधिक चली इस बैठक में संघ के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। दोपहर लगभग 1 बजकर 10 मिनट पर बैठक समाप्त हुई। राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर काफी अहम माना जा रहा है।2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए संघ और भाजपा के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया गया। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर होने वाली गतिविधियों और संगठन के विस्तार को लेकर भी विचार विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह लगभग 11:15 बजे नवाबगंज स्थित विद्यालय पहुंचे और करीब दो घंटे 25 मिनट तक चली बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कानून व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यशैली, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई और जनसंवाद को मजबूत बनाने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।

बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। साथ ही प्रशासनिक तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिकारियों और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ और अधिक कड़े कदम उठाने की भी मांग रखी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत मजबूत स्थिति में है और उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने पिछले नौ वर्षों में रोजगार, कानून व्यवस्था, औद्योगिक विकास और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने अपने जापान और सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए बताया कि दुनिया भर के उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आकर्षित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार, संघ और संगठन आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं और सभी संगठनों को सामंजस्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा इस तरह बनाई जाए कि किसी संगठन की गतिविधि दूसरे संगठन के कार्यक्रम में बाधा न बने।

बैठक के बाद भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल  ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि समन्वय बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति और वहां की चुनौतियों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे समविचारी संगठनों की बैठकें होती रहती हैं, जिनका उद्देश्य विचारधारा और संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करना होता है। बैठक में कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी मंथन हुआ, जिनमें शिक्षा और नीति से जुड़े विषय भी शामिल रहे।

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संघ की ओर से जो भी सुझाव दिए गए हैं, उनका संगठन स्तर पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए सभी संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है और सबको मिलकर काम करना होगा।

बैठक में भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह संघ के प्रांत प्रचारक  श्रीराम क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल सहित संघ परिवार के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

समन्वय बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक के पुत्र और बहू को आशीर्वाद दिया। 

विधायक महेश त्रिवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री को पहले उनके पुत्र के विवाह में आना था, लेकिन व्यस्तता और विदेश दौरे के कारण वे शामिल नहीं हो पाए थे। शुक्रवार को कानपुर आगमन के दौरान उन्होंने उनके घर पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक के आवास स्थित गौशाला में गाय ‘नंदिनी’ और ‘राधा’ को अपने हाथों से गुड़ और पूड़ी भी खिलाई। कुछ समय रुकने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वापस लखनऊ के लिए रवाना हो गए।