
संवाददाता
कानपुर। नगर में बिजली की आपूर्ति करने वाली कंपनी कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए निर्देश जारी किया है। जिन उपभोक्ताओं के बिजली खाते में निगेटिव बैलेंस चल रहा है, उन्हें तीन दिन के अंदर रिचार्ज कराना होगा। ऐसा न करने पर उनकी बिजली काट दी जाएगी।
नए नियम के अनुसार 1 और 2 किलोवाट के घरेलू कनेक्शन का अगर निगेटिव बैलेंस 5,000 रुपये या उससे अधिक है और तीन दिन से ज्यादा समय से ऐसा है, तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। जिनका निगेटिव बैलेंस 5,000 रुपये से कम है, उन्हें फिलहाल राहत दी गई है।
3 किलोवाट या उससे अधिक लोड वाले घरेलू कनेक्शन
वाले उपभोक्ताओं की बिजली भी तीन दिन तक रिचार्ज न कराने पर काट दी जाएगी। इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग कनेक्शन पर भी यही नियम लागू होगा।
कॉमर्शियल, निजी संस्थान और अस्थायी कनेक्शन की श्रेणियों के उपभोक्ताओं की बिजली भी निगेटिव बैलेंस रहने पर काट दी जाएगी।
केस्को के मीडिया प्रभारी एक्सईएन देवेंद्र वर्मा ने बताया कि पिछले तीन महीनों से 40 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने रिचार्ज नहीं कराया है। अब नया नियम यह है कि जैसे ही बैलेंस निगेटिव होगा, तुरंत रिचार्ज कराना अनिवार्य होगा।






