
संवाददाता
कानपुर। नगर से बेंगलुरु के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ान अब सप्ताह में केवल तीन दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या में कमी को देखते हुए एयरलाइन ने यह निर्णय लिया है। यह उड़ानें अब मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेंगी। पहले यह फ्लाइट प्रतिदिन संचालित होती थी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने इस बदलाव की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस ने बेंगलुरु की फ्लाइट को सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलाने का निर्णय लिया है। इस कटौती से यात्रियों को टिकट मिलने में कठिनाई हो सकती है और किराए में भी वृद्धि की आशंका है। फ्लाइट का समय दोपहर 12:50 बजे आगमन और 1:25 बजे प्रस्थान रहेगा।
अन्य शहरों के लिए उड़ान सेवाओं की स्थिति में कोई बदलाव नहीं है। कानपुर से हैदराबाद के लिए फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ान भर रही है। वहीं, दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट सेवा रोजाना उपलब्ध है।
मौजूदा समय में विभिन्न शहरों के लिए हवाई किराए में वृद्धि देखी गई है। बंगलूरू के लिए फ्लाइट का किराया 8,527 रुपये, मुंबई के लिए 7,491 रुपये और दिल्ली के लिए 6,379 रुपये है। हैदराबाद के लिए किराया दोगुना से अधिक होकर 13,283 रुपये तक पहुंच गया है।
कल कुछ उड़ानें देरी से संचालित हुईं थीं। हैदराबाद की फ्लाइट अपने निर्धारित समय से 54 मिनट की देरी से दोपहर 1:39 बजे कानपुर पहुंची, जिसमें 115 यात्री आए और 173 यात्री गए। इसी तरह, मुंबई की फ्लाइट 36 मिनट की देरी से दोपहर 3:11 बजे आई और 3:39 बजे प्रस्थान की। इस फ्लाइट से 150 यात्री आए और 168 यात्री गए। दिल्ली की फ्लाइट निर्धारित समय से सात मिनट पहले ही दोपहर 1:53 बजे पहुंची और 2:40 बजे रवाना हुई, जिसमें 142 यात्री आए और 171 यात्री गए।






