December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
पिछले 24 घंटे से नगर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश बुधवार तक लगातार जारी रही। इस झमाझम बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर जगह-जगह हुए जलभराव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मुख्य मार्गों पर पानी भरने से ट्रैफिक रेंगता रहा और कई इलाकों में तो हालात ऐसे बने कि घरों और दुकानों तक में पानी घुस गया।
बर्रा, श्यामनगर, गोविंदनगर, किदवई नगर, सिविल लाइंस और फूलबाग जैसे इलाकों में जलभराव से लोगों का निकलना दुश्वार हो गया। कई जगहों पर गाड़ियां बंद हो गईं और घंटों जाम लगा रहा। दफ्तर जाने वालों को भी पानी और कीचड़ से जूझना पड़ा।
शहरवासियों का कहना है कि हर बार बारिश में यही समस्या खड़ी हो जाती है, लेकिन नगर निगम की तैयारियां सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं। नालों की सफाई का दावा किया जाता है, मगर हल्की से भारी बारिश में ही सड़कें तालाब में बदल जाती हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब बरसात हर साल आती है तो फिर जिम्मेदार विभाग क्यों नहीं कोई स्थायी व्यवस्था करता है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 85 और न्यूनतम 79 प्रतिशत रही। हवा की गति 1 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही और दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही।
उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 2 दिनों तक आसमान में हल्के ऊंचे बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है और हवाओं की रफ्तार बढ़कर 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।