
संवाददाता
कानपुर। सोमवार सुबह से हल्की हवा चल रही थी। लेकिन गलन पड़ रही थी। हल्की धुंध भले छाई थी, लेकिन विजिबिलिटी सामान्य रही। बादल छाए हुए थे। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले 24-48 घंटे में इसी तरह का मौसम रहेगा।
न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 2.4 डिग्री कम था। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 से 48 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छा सकते हैं।
इसके अलावा हवाओं की गति भी कम होगी। इसके अलावा रात व सुबह के समय कोहरा भी छा सकता है। बादल छाने से दिन की धूप भी नरम होगी जो कि दिन में ठंड का एहसास करा सकती है। हालांकि कानपुर मंडल में बारिश की संभावना कम है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ेगी। गलन वाली सर्दी होगी।
दोपहर तक मौसम ने करवट बदली। तेज धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी। सूरज की गर्मी ने दिन के तापमान को बढ़ाकर 23.6 डिग्री सेल्सियस कर दिया, जो कि सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक है। इस अचानक बदलाव ने लोगों को ठंड से राहत दिलाने का काम किया। लोगों ने धूप सेंकने के लिए पार्कों का रुख किया।
कोहरे के चलते 30 ट्रेनें तय समय से घंटों की देरी से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंची। अयोध्या कैंट से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22425) व नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 01.03 घंटे लेट रही। नई दिल्ली से राजेंद्र नगर पटना जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस (12310) 01.34 घंटे व नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस 06.01 घंटे देरी से आई।






