
संवाददाता
कानपुर। भूमाफिया रामखिलावन के गिरोह में शामिल डॉक्टर को नवाबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डॉक्टर ने 1958 में मृत महिला को दोबारा 2016 में मृत घोषित किया था। जिसके आधार पर आरोपियों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करवाकर वृद्धा के वंशजों की करोड़ो की जमीन हड़प ली थी।
नवाबगंज के लक्ष्मणपुरवा गांव निवासी मल्हू ने भूमाफिया रामखिलावन पर फर्जी दस्तावेज बनाकर उनकी पैतृक जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले में रामखिलावन, मनोज उर्फ लाला, आलोक, सुनील, नितेश, राजेश, शमशाद, सुषमा अवस्थी, मनोज कुमार समेत अन्य आरोपी थे।
पुलिस ने मामले की जांच करी तो सामने आया कि आरोपियों ने 1958 में मृत हो चुकी केशा उर्फ पार्वती की जगह दूसरी महिला को लाकर उनके वंशजों की जमीन हड़प ली। जिसकी जानकारी होने पर पीड़ितों ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट कर धमकाया। पुलिस ने गिरोह में शामिल आनन्द नगर उन्नाव निवासी डॉ. सुबोध दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया।
नवाबगंज थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि आरोपी ने 1958 में मृत महिला को 2016 में दस्तावेज में दोबारा मृत घोषित किया था। जिसके आधार पर आरोपियों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर जमीन को हड़पा था। आरोपी डॉक्टर को कंपनी बाग चौराहा से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।






