March 13, 2026

संवाददाता

कानपुर। राजकीय जेके कैंसर संस्थान जीटी रोड में इन दिनों मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है, क्योंकि अस्पताल परिसर में भरा गंदा पानी, उसमें मंडराते मच्छर और कीड़े मरीजों को नुकसान पहुंचा सकते हैं, हालांकि इस जल भराव और गंदगी को लेकर डायरेक्टर ने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कुछ हल नहीं निकला।
कैंसर अस्पताल के औषधि केंद्र के बगल में बरसात का पानी भरा हुआ है यहां से लोगों का निकलना दुश्वार है। इसके आसपास लोग खड़े भी नहीं हो सकते हैं। दूर-दूर से आने वाले तीमारदारों को इन दिनों मरीज के साथ-साथ अपना भी खास ख्याल रखना पड़ रहा है।
कुछ मरीज ऐसे भी हैं जो कि बाहर जिले से सिकाई कराने के लिए यहां पर आते हैं, लेकिन उन्हें भर्ती नहीं किया जाता है।
ऐसे में मरीज और उनके तीमारदार रैन बसेरा और अस्पताल के बाहर चबूतरे में ही अपनी दिन और रात बिता लेते हैं। इन दिनों ऐसे मरीजों के लिए वहां पर काफी दिक्कतें हैं।
जेके कैंसर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. एसएन प्रसाद ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जलकल विभाग को पत्र लिखा जा चुका है।
नगर निगम से भी इसकी शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक इसका कोई हल नहीं निकला है। यहां पर आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतें हो रही है।