
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश के घाटमपुर स्थित भदरस ग्राम पंचायत के प्रधान जय नारायण का दिल्ली से लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। स्वच्छ भारत मिशन और जल शक्ति मंत्रालय ने उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें दिल्ली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था।
प्रदेश से चुने गए चार ग्राम प्रधानों में जय नारायण भी शामिल थे। दिल्ली से वापस लौटने पर उन्होंने सबसे पहले कूष्मांडा मंदिर में माथा टेका। स्थानीय लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें गांव ले जाया गया।
जय नारायण ने बताया कि दिल्ली में उनकी सभी सुविधाओं का ख्याल रखा गया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग के कार्यक्रम और स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होना गौरव की बात है। जल शक्ति मंत्रालय ने उन्हें विशेष अतिथि का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया।






