March 3, 2026

संवाददाता

कानपुर। बिल्हौर के उत्तमपुर गांव में एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने बच्चे को अपने साथ दिल्ली ले जाने वाले युवक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक किशोर के चाचा राजकिशोर ने बताया कि उनका भतीजा सनी पुत्र बृजकिशोर करीब एक माह पहले गांव के ही पुत्तीलाल के साथ मजदूरी के लिए दिल्ली गया था। परिजनों का मानना था कि सनी सुरक्षित है और काम कर रहा है।
हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार शाम पुत्तीलाल ने बीमार सनी को अलियापुर में उतार दिया और खुद एक शादी समारोह में चला गया। आरोप है कि उसने बच्चे का इलाज नहीं कराया और उसे गांव लौटने के लिए छोड़ दिया।
किसी तरह घर पहुंचे सनी की हालत बेहद खराब थी। परिजनों ने तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान सनी की मौत हो गई। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने दिल्ली ले जाने वाले युवक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। 

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रेमवीर सिंह ने बताया कि किशोर की मौत उपचार के दौरान हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।