March 4, 2026

संवाददाता

कानपुर।  महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे किनारे शिवपुरी मोड़ पर एक 35 वर्षीय युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक युवक का बायां पैर टूटा हुआ था और उससे खून निकल रहा था। पुलिस की छानबीन में युवक की जेब से कुछ रुपए बरामद हुए, लेकिन पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।
मृतक युवक ने नीली जींस, नीली टीशर्ट, सफेद-हरा स्वेटर और जूते-मोजे पहन रखे थे। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।
युवक का शव नेशनल हाईवे से करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला था। पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारी होगी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि युवक की पहचान के लिए आसपास के गांवों के लोगों और सोशल मीडिया की मदद ली जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।