
संवाददाता
कानपुर। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर सरसौल ब्लॉक के हाथी गांव स्थित श्री नंदेश्वर धाम का दौरा किया। उन्होंने मंदिर में चल रही तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को लेकर कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, डीसीपी गुप्ता ने कहा कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को पूर्व से ही दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
डीसीपी ईस्ट ने एसीपी चकेरी को निर्देश दिए कि नियमित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार पुलिस बल तैनात किया जाए और उसकी प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मंदिर कमेटी से अनुरोध किया कि मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही, पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें सुनिश्चित करते हुए मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए।
डीसीपी ने प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए, क्योंकि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान रातभर आवागमन रहेगा। उन्होंने पार्किंग की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त अस्थायी शौचालय और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
डीसीपी ईस्ट ने मंदिर प्रबंधन समिति के साथ बैठक करके समन्वय आधारित कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने प्रशासन और प्रबंधन के बीच आपसी तालमेल से कार्य करने पर बल दिया। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर प्रांगण और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा एक समन्वित कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसमें पुलिस, विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इस निरीक्षण के दौरान एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे, नरवल तहसीलदार, ग्राम प्रधान हाथीगांव, मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव और कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






