
संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर इलाके के जरारी गांव में गुरुवार को दो दबंग भाइयों ने ग्राम प्रधान के भाई पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठियों और राड से पैर तोड़े, फिर पिस्टल के बट से सिर पर हमला किया। जिससे वो बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
घायल अशोक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निवासी बाबू सिंह के मुताबिक ग्राम प्रधान कौशल सिंह के भाई अशोक प्रतिदिन की तरह गुरुवार को ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी बाइक से निकले थे। जैसे ही वह तरियानी पुल के पास पहुंचे, तभी वहां पर गांव के ही मोहन अवस्थी, उसका भाई शौर्य उर्फ राम जी, संतोष अवस्थी और कुछ अज्ञात लोग आ पहुंचे। उन लोगों ने अशोक को घेर लिया और लाठी-डंडे, हाकी, राड से हमला कर दिया।
हमलावरो ने अशोक के दोनों पैर तोड़ दिए। आरोपियों ने अशोक के सिर पर पिस्टल से मारा, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर भाग गए।
वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने अशोक के पिता को जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अशोक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अशोक के पिता का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपी राम जी ने रास्ते में अशोक की बेटी को अपशब्द कहे थे, जिसका अशोक ने विरोध किया था। इसी रंजिश में यह हमला किया गया। वारदात के बाद गांव में तनाव फैल गया।
थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल अशोक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।






