
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल से ड्यूटी जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां निवासी अजय कुमार कुशवाहा एक निजी कॉलेज में गार्ड थे। परिवार में पत्नी मंजू, तीन बेटे शुभम, शिवम, प्रतीक और बेटी रचना हैं। बड़े बेटे शुभम के मुताबिक, अजय कुमार रोज की तरह साइकिल से ड्यूटी के लिए निकले थे। वह जैसे ही महाराजपुर स्थित केआईटी कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग साइकिल सहित उछलकर करीब दस मीटर दूर जा गिरे। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बाइक सवार वाहन छोड़कर फरार हो गया। कॉलेज कर्मचारियों ने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
घायल को काशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर किया। हैलट में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। बाइक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






