March 28, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
एक व्यक्ति बीमार था। डॉक्टर को दिखाने के लिए गूगल पर उसने नंबर खोजा। गूगल से मिले नंबर पर उसने कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले ने पांच रुपये का टोकन लेकर नंबर लगाने की बात कही।
पीड़ित ने पांच रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद ठग ने पीड़ित के 2 बैंक खातों से 11.44 लाख रुपए निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटकता रहा। पुलिस अधिकारियों से शिकायत के बाद नजीराबाद थाने में केस दर्ज किया गया।
कौशलपुरी के रहने वाले विष्णु मोहन ठक्कर ने बताया कि बीते साल अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने सनातन धर्म चिकित्सालय में कॉल की। कॉल रिसीव नहीं होने पर उन्होंने गूगल सर्च इंजन पर चिकित्सालय सर्च किया। उससे मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करके डॉक्टर के बारे में पूछा, तो उन्हें दूसरे दिन डॉक्टर के मिलने की जानकारी दी गई।
इस बीच उन्हें सलाह दी गई कि अगर अभी 5 रुपए टोकन का देकर नंबर लेते है तो आपका नंबर लग जाएगा और आपको लाइन में नहीं लगना पड़ेगा, जिससे आप भीड़ से बच जाएगे।
जिसके बाद उन्होंने एटीएम कार्ड के जरिए पांच रुपए ट्रांसफर कर दिए। जिसके कुछ देर बाद उनके दो बैंक खातों से 11.44 लाख रुपये निकल गए। 

नजीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।