February 18, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शुक्रवार दोपहर को एक दंपति ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। लेकिन वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने दंपति को पेट्रोल डालने की कोशिश करते ही दबोच लिया। दंपति ने बताया कि गुंडों ने दिन दहाड़े उनकी बेटी को अगवा कर लिया है। उन्हें आशंका है कि बेटी को किडनैप करने के बाद उसका मर्डर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। बिल्हौर थाने में सुनवाई नहीं होने के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है।
मान निवादा उत्तरीपुरा बिल्हौर के रहने वाले राकेश दुबे ने बताया कि उनकी बेटी बिल्हौर के खेरेश्वर मंदिर के सरैया घाट पर दीपदान करने गई थी। इसके बाद उनकी बेटी लापता हो गई। उन्होंने बिल्हौर थाने में इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मंदिर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उनकी बेटी मंदिर से निकलने के बाद एक ई-रिक्शा से जाते हुए देखी गई। उसके ई-रिक्शा का पीछा एक काली स्कॉर्पियो कर रही थी।
दम्पति का आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी बेटी को तीन महीने पहले किडनैप करने के बाद उसका मर्डर कर दिया है। बिल्हौर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा और पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। थाने से लेकर एसपी और डीसीपी दफ्तर के बाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस में भी एप्लीकेशन दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। इसी वजह से आज शुक्रवार को दंपति ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आत्मदाह करके जान देने का प्रयास किया।
पुलिस ने दंपति को समझाया और उन्हें अफसरों के सामने पेश किया। पुलिस कमिश्नर को पूरे मामले की जानकारी दी गई । इसके बाद पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने मामले में जांच बैठा दी है। थानेदार से युवती की  गुमशुदगी को लेकर पूरी आख्या तलब की है। साथ ही संबंधित एसीपी को मामले में की जांच का आदेश दिया है।

Related News