March 4, 2026

संवाददाता
कानपुर।
विपक्षी दलों के पार्षदों ने कहा कि पार्षदों और मेयर के बीच का विवाद आपसी मनमुटाव के कारण है।
भाजपा आज एक बहुत बड़ा परिवार बन गया है। बड़े परिवार में सदस्यों के बीच अक्सर मन मुटाव हो जाता है। यही कारण है कि भाजपा के पार्षदों ने भाजपा की ही मेयर के खिलाफ इन दिनों मोर्चा खोल दिया हे। 
कानपुर नगर निगम में भाजपा के ही 6 पार्षदों ने मेयर प्रमिला पांडेय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वह लगातार भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं और मेयर के बेटे बंटी पांडेय को भ्रष्टाचार की जड़ बता रहे हैं। इन्हीं सब पर विपक्षी दल सपा और कांग्रेस के पार्षदों ने कहा कि शहर में लगातार विकास हो रहा है।
चमनगंज वार्ड 107 के पार्षद राशिद उर्फ शिबू ने कहा कि भाजपा एक बहुत बड़ा परिवार है। इसलिए छोटे मोटे मनमुटाव तो बने रहेंगे। 100 में 100 प्रतिशत किसी के काम नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने विभिन्न काम मेयर के सामने रखते हैं, तो यह जरूरी नहीं कि सारे काम हो जाए। लेकिन जरूरी काम होते हैं।
कांग्रेस के पार्षद राशिद ने बताया कि वह तीसरी बार के पार्षद हैं। लेकिन उन्होंने कभी बंटी टैक्स जैसी कोई स्थिति नगर निगम में नहीं देखी। पार्षद राशिद ने कहा कि बंटी टैक्स एक चुनावी जुमला था, जो चुनाव के समय कहा गया था। यह बात कहने वाले विधायक की पत्नी मेयर का चुनाव लड़ रही थी, इसलिए उन्होंने इस तरह की बातें चुनाव के दौरान कही थी।
वार्ड 102 से सपा के पार्षद अकील शानू ने कहा कि नगर निगम में इन दिनों जो भी हो रहा है, वह आपसी मतभेद के कारण हो रहा है। पार्षदों और महापौर के बीच में आपसी मतभेद है, जिसे उन्हें साथ में बैठकर सुलझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह की समस्या होती है तो वह और अन्य पार्षद मेयर से कहते हैं।
उनके क्षेत्र के विकास संबंधी काम तत्काल कराए भी जाते हैं। भाजपा के पार्षदों को भी लिखित रूप से और मिलकर अपनी बात कहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और दोनों के बीच आपसी विवाद है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई सारी बातें कही जाती हैं, लेकिन वर्तमान में ऐसी कोई स्थिति नहीं है।
पार्षद अकील ने बताया कि मेयर वार्डों में विकास के काम करवा रही हैं। लेकिन नए नगर आयुक्त की ओर से विकास के काम रुके हुए हैं। पार्षद अकील ने बताया कि वह जब भी मेयर के पास काम लेकर गए, तो समय पर उनका काम हुआ।
ऐसे ही कोई भी पार्षद जाता है, तो उसका काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी दलों का काम नगर नगम में मेयर के पास से किया जाता है। 

साथ ही अकील ने यह भी कहा कि वह पूरी तरह से सपा के प्रति समर्पित हैं और हमेशा समाजवादी पार्टी में ही रहेंगे।