
संवाददाता
कानपुर। होली के पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शहरवासियों की सुविधा के लिए मेट्रो ट्रेन सेवाओं के संचालन के समय में एक दिन के लिए बदलाव किया है।
कानपुर मेट्रो के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 4 मार्च बुधवार को मेट्रो सेवाएं दोपहर 2:30 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। मेट्रो ट्रेन सेवाएं दोनों टर्मिनल स्टेशनों— आईआईटी कानपुर मेट्रो स्टेशन और कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन —से दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगी और रात 10 बजे तक नियमित अंतराल पर चलती रहेंगी। निगम के अधिकारियों के अनुसार होली के दिन प्रातःकाल लोग पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं, इसलिए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सेवाओं के समय में यह परिवर्तन केवल 4 मार्च के लिए ही लागू रहेगा।
अगले दिन यानी 5 मार्च से मेट्रो ट्रेन सेवाएं अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक संचालित होंगी।
मेट्रो अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले बदले हुए समय का ध्यान रखें और सुरक्षित यात्रा के लिए मेट्रो के नियमों का पालन करें। साथ ही निगम ने शहरवासियों को होली के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी हैं।
मेट्रो प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।






