January 25, 2026

संवाददाता

कानपुर।  महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव की एक विवाहिता ने अपने पति समेत पांच ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महाराजपुर थाने में मामला दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता वर्षा सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि ससुराल वाले लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उसने आरोप लगाया कि मारपीट के कारण उसका गर्भपात भी हो गया। ससुराल वाले उससे जमीन बेचकर 5 लाख रुपए और लाने की मांग कर रहे हैं। 
वर्षा सिंह का विवाह पुरवामीर गांव के भानु प्रताप सिंह से हुआ था। शादी में दहेज के तौर पर 7 लाख रुपए नकद, एक बुलेट मोटरसाइकिल और सोने के जेवरात दिए गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपए थी।
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी मां ने किसी तरह विवाह का पूरा खर्च उठाया था। घर में कोई भाई न होने के कारण पति भानु प्रताप सिंह, ससुर सुरेंद्र सिंह, जेठ विपिन प्रताप सिंह, जेठानी किरण वर्मा और ननद प्रियंका सिंह उसे लगातार परेशान कर रहे थे।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

Related News