
संवाददाता
कानपुर। चमनगंज थाना क्षेत्र में बैटरी के बिजनेस को लेकर कारोबारी के 41 लाख रुपए हड़प लिए गए। पीड़ित ने 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चकेरी के लाल बंगला निवासी मो. इस्माइल सईद उर्फ शरीफ ने बताया कि वह चमनगंज में मेसर्स सदफ इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। साल 2022 में उनके पास आयुषी खुराना, वर्तिका, कविन्दर, पूजा शर्मा व संदीप आकर मिले। उन्होंने अपने को हरियाणा के खेरकी डौला गुडगांव में टेस्ला पॉवर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने की बात कही। विश्वास में लिया कि उनकी कंपनी बैटरी बनाने का काम करती है, जिसकी मार्केट में अच्छी डिमांड है।
विश्वास करने पर वो लोग उनसे विभिन्न तिथियों में रुपए लेकर अपनी कंपनी की बैट्रियां बेचने के लिए भेजते रहे। करीब तीन साल तक उन लोगों से 1.52 करोड़ का कारोबार हुआ। इस पर उन लोगों ने 1.10 करोड़ का माल भेजा । इसके बाद शेष बचे 41 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया गया। जब उन लोगों से बकाया रुपए की मांग की गई तो कहा गया कि पहले बचा हुआ माल वापस करें तभी भुगतान करेंगे।
शर्त मानने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली–गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी।
चमनगंज थाना प्रभारी संजय राय ने बताया कि आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है।






