February 16, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शहर में दक्षिण के किदवई नगर इलाके में दबंग मनचलों ने न सिर्फ राह चलती महिलाओं के साथ छेड़खानी की, बल्कि विरोध करने पर पूरे परिवार पर  धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। दबंग इतने गुस्से में थे कि उन्होंने महिलाओं को बीच सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा । इतना ही नहीं महिलाओं के मोबाइल और पर्स भी छीन लिया। इस हमले में महिलाओं समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनके चेहरों और हाथों पर गहरे जख्म आए हैं।

पुलिस में दर्ज एफआईआर और पीड़िता रानी के बयान के मुताबिक वह किदवई नगर की मलिन बस्ती की रहने वाली हैं। वह अपनी बहन प्रीति, राधा, बेटी पलक और बहनोई गौरव के साथ खरीदारी के लिए बाजार जा रही थीं।  जैसे ही वह सुनार के पास पहुंचे, मोहल्ले का ही रहने वाला ऑटो चालक आदिल, उसका साथी दिशांत और दो अन्य साथी वहां आ धमके।

आरोपियों ने पहले महिलाओं पर फब्तियां कसनी शुरू कीं और छेड़खानी करने लगे।जब रानी और उनके परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। विवाद इतना बढ़ा कि आदिल और दिशांत ने अपनी जेब से धारदार हथियार निकाल लिए।इसके बाद उन्होंने आव देखा न ताव, महिलाओं और उनके साथ मौजूद युवक पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। जानकारी के अनुसार, हमलावर इतने उग्र थे कि उन्होंने महिलाओं को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा। इस दौरान आरोपियों के घर की कुछ महिलाएं भी वहां आ गईं और उन्होंने भी पीड़िता की बहन के साथ मारपीट की। रानी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके दो मोबाइल फोन और पर्स छीन लिए, जिसमें 50 हजार रुपये थे।

दंबगों के इस हमले में रानी, उनकी बहनें राधा व प्रीति, बेटी पलक और बहनोई गौरव खून से लथपथ हो गए।दो महिलाओं के चेहरे पर गहरे घाव हैं, जबकि युवती के हाथ में चोट आई है। 

घटना की सूचना मिलते ही किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। 

पीड़िता रानी की तहरीर पर थाना किदवई नगर पुलिस ने मुख्य आरोपी आदिल, दिशांत और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किदवई नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Related News