April 13, 2026

संवाददाता 

कानपुर। नाबालिग किशोरी को अश्लील वीडिओ वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ लगातार बलात्कार कर रहे भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया गया।

नजीराबाद में नाबालिग को शादी का झांसा देकर भाजपा नेता ने रेप की वारदात को अंजाम दिया था । इतना ही नहीं आरोपी ने नाबालिग को होटल में ले जाने के लिए उसका फर्जी दस्तावेजों से उम्र बढ़वा कर आधार कार्ड बनवाया था । 

पीड़िता के परिजनों ने भाजपा नेता, उसके पिता व भाई समेत 5 के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके बाद आरोपी नेता को अरेस्ट कर लिया गया है ।
नजीराबाद क्षेत्र में रहने वाली महिला का उसके पति से तलाक हो चुका है वह अपनी नाबालिग बेटी और छोटे बेटे के साथ रहती है। आरोप है कि उनकी बेटी को पड़ोस में रहने वाले भाजपा कौशलपुरी मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी अनुभव पांडेय उर्फ कृष्णा पांडेय ने आते जाते प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा दिया। आरोपी ने उसे होटल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वहां उसकी उम्र कम देखकर कमरा देने से मना कर दिया  गया ।
आरोप है कि इस पर कृष्णा पांडेय ने उनकी बेटी की उम्र बढ़वा कर फर्जी आधार कार्ड बनवाया। इसके बाद वह उसे पिछले साल तीन अप्रैल को जीटी रोड स्थित अपने एक दोस्त के होटल में ले गया और रेप किया। इस दौरान उसने अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद  वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी रेप करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि वह अपनी बेटी और परिजनों के साथ कृष्णा पांडेय के घर शिकायत करने गई तो आरोप है कि उसके भाई सौर्याश पांडेय, पिता राजीव कुमार पांडेय और चाचा रामजी ने उल्टा गाली-गलौज की व जान से मारने की धमकी दी। इस पर नाबालिग की मां ने आरोपियों के खिलाफ नजीराबाद थाने में तहरीर दी।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पिता और सगे भाइयों समेत पांच के खिलाफ दुष्कर्म,पाक्सो और कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग करने और धमकाने में रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी कृष्णा पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

Related News