February 25, 2026

संवाददाता 

कानपुर। ऐतिहासिक नगरी बिठूर में 26 से 28 फरवरी तक बिठूर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 

मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर, दीक्षा जैन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस बार का महोत्सव सुर, साहित्य और लोक संस्कृति का संगम होगा।

महोत्सव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। नाना राव पार्क परिसर में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की फाइन आर्ट गैलरी के छात्र-छात्राएं आकर्षक पेंटिंग बनाते हुए देखे गए।

तीन दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 26 फरवरी को मशहूर गायक पलाश सेन और उनका बैंड यूफोरिया मुख्य आकर्षण होंगे। इसी दिन भोपाल कत्थक समिति द्वारा कथक की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

27 फरवरी को काव्य प्रेमियों के लिए विशेष आयोजन होगा, जिसमें 11 प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त, श्री राम कला केंद्र द्वारा कर्ण पर आधारित एक नाट्य प्रस्तुति भी होगी।

महोत्सव के अंतिम दिन, 28 फरवरी को लोक संस्कृति की विविध छटाएं देखने को मिलेंगी। इसमें बुंदेलखंड का पारंपरिक पाई डंडा नृत्य, ब्रज की होली, पंजाब का गतका मार्शल आर्ट और ओडिशा का गोटीपुआ नृत्य शामिल हैं। साथ ही, म्यूजिक कंसर्ट और बॉलीवुड आधारित संगीत कार्यक्रम में गोपाल एम तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सीडीओ दीक्षा जैन ने कहा कि बिठूर महोत्सव सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान करेगा।