
संवाददाता
कानपुर। मिशन शक्ति फेज 5 के अंतर्गत एंटी-रोमियो टीम थाना नजीराबाद, कानपुर नगर द्वारा जे के मंदिर परिसर में महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा और नारी स्वावलंबन के विषय में जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1098, 112, 181 एवं 108 की जानकारी दी गई, साथ ही उन्हें गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया गया।

टीम द्वारा महिलाओं को यूपी कॉप एप्प से मिलने वाली जन सुविधाओं तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सप्प, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसे सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम तथा घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया गया। उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर क्राइम के खतरों एवं उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी प्रदान की गई।






