
संवाददाता
कानपुर। रायबरेली में सीडीओ पद पर तैनात आईएएस अर्पित उपाध्याय को कानपुर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं मौजूदा नगर आयुक्त सुधीर कुमार का तबादला कर दिया गया है। शासन ने उन्हें विशेष सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग और अपर महानिरीक्षक, पंजीकरण के पद पर नियुक्त किया है।
अर्पित उपाध्याय के सामने शहर की सफाई व्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजना और नगर निगम की आर्थिक स्थिति जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव और तेज कार्यशैली से इन मोर्चों पर मजबूती से काम करेंगी।
आईएएस सुधीर कुमार जुलाई 2024 में कानपुर नगर आयुक्त बने थे। अभी उनका कार्यकाल डेढ़ साल भी पूरा नहीं हुआ था कि शासन ने उनका तबादला कर दिया। 2018 बैच के अफसर सुधीर कुमार की गिनती साफ-सुथरी छवि वाले अधिकारियों में होती है।
नगर निगम में अपने कार्यकाल के दौरान सुधीर कुमार ने पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम किया। उनके कामकाज की सराहना जनप्रतिनिधियों से लेकर निगमकर्मियों तक होती रही। वे इससे पहले शहर में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी बेदाग छवि के साथ काम कर चुके थे।
सुधीर कुमार का तबादला प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि नगर निगम में इस बदलाव पर कोई विरोध नहीं दिखा, लेकिन अधिकारी वर्ग में यह फैसला चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
अब शहर की नजरें अर्पित उपाध्याय पर हैं, क्या वे सुधीर कुमार की तरह ही तेज और पारदर्शी कार्यशैली को आगे बढ़ा पाएंगी, यह आने वाला समय बताएगा।






