
संवाददाता
कानपुर l अरमापुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के बाहर शनिवार को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों का आरोप है कि गेट पर तैनात सुपरवाइजर ने उनके साथ गाली-गलौज और जातिगत टिप्पणी की।
जब इसकी शिकायत ड्यूटी लाइन इंचार्ज से की गई तो उन्होंने भी अभद्रता करते हुए अपमानजनक व्यवहार किया। देर रात थाने में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया।
आउटसोर्स कर्मचारी रवि यादव, अरुण शर्मा, सर्वेश दीक्षित और शाहबाज हुसैन ने बताया कि शुक्रवार रात बी शिफ्ट के कर्मचारी ड्यूटी खत्म कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान गेट पर तैनात सुपरवाइजर ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जातिगत टिप्पणी की। विरोध करने पर ड्यूटी लाइन इंचार्ज से शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जूतों से मारने की बात कही।
कर्मचारियों ने बताया कि उसी रात थाने पहुंचकर तहरीर दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज कर्मचारियों ने शनिवार को काम का बहिष्कार कर फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेता सम्राट विकास यादव भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर समर्थन जताया।
अरमापुर थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों ने सुपरवाइजर पर गाली-गलौज का आरोप लगाया है, जिसके चलते वे हंगामा कर रहे थे। फिलहाल उन्हें कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सभी को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





