March 8, 2026

संवाददाता

कानपुर। चौबेपुर क्षेत्र में एक गंभीर वारदात हुई। बिकरु गांव के पास एयरफोर्स जवान अवनीश यादव और उनके पिता बलजीत सिंह यादव के साथ लूटपाट और मारपीट की गई। अवनीश रक्षाबंधन की छुट्टी पर गांव डिब्बा निवादा आए थे। जन्माष्टमी की तैयारियों के लिए पिता-पुत्र शिवली कस्बे के बाजार से सामान खरीदकर लौट रहे थे।
शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों पांडुनदी के लोहे के पुल से गुजर रहे थे, तभी गांव के ही तीन सगे भाई महेंद्र, नरेंद्र और सुरेंद्र ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिता-पुत्र के साथ जमकर मारपीट की और अवनीश के गले से सोने की चैन छीन ली। इसके बाद उनके द्वारा खरीदा गया घरेलू सामान भी लूट लिया गया।
पीड़ितों ने किसी तरह घटना की जानकारी पुलिस को दी और चौबेपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि बिकरू गांव तीन साल पहले हुई बड़ी घटना के कारण सुर्खियों में आया था, जिसके बाद पुलिस ने यहां अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की थी। लेकिन शुक्रवार की इस वारदात ने एक बार फिर से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।