January 21, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर में मेयर और पार्षदों के बीच चल रहा विवाद अब सोशल मीडिया तक फैल गया है। मेयर के बेटे पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद एक गाने की ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इसे बंटी टैक्स का नाम दिया गया है। इस गाने में मेयर के बेटे बंटी पांडेय पर जमकर आरोप लगाए गए हैं।
‘बंटी टैक्स-बंटी टैक्स’ नाम से जारी हुए इस गाने में साइकिल स्टैंड के ठेके से लेकर नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए लेने तक के आरोप लगाए गए हैं। यह सभी आरोप पिछले कई दिनों से लगातार भाजपा के बागी पार्षद मेयर और उनके बेटे पर लगा रहे हैं। नगर निगम में बीते दिनों हुए सदन के बाद से यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
कानपुर नगर निगम में मेयर प्रमिला पांडेय और भाजपा के पार्षदों के बीच लगातार विवाद चल रहा है। बीते 26 दिसंबर को नगर निगम के सदन के बाद मेयर ने पार्षद पवन गुप्ता और पार्षद अंकित मौर्य को सस्पेंड कर दिया था। जिसके बाद भाजपा के पार्षदों ने नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और मेयर के बेटे बंटी पांडेय को इसकी जड़ बताया था।
पार्षदों ने एक संघर्ष मोर्चा बना दिया है, जिसमें पवन और अंकित के साथ पार्षद विकास जायसवाल, पार्षद आलोक पांडेय, पार्षद लक्ष्मी कोरी और पार्षद हरि स्वरूप तिवारी जुड़े हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने इस विवाद को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन यह मामला नहीं सुलझा। अब पार्षद इस मामले को लेकर डिप्टी सीएम के पास जाने की तैयारी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे गाने में मेयर प्रमिला पांडेय के बेटे बंटी पांडेय पर जमकर निशाने साधे गए हैं। इसमें आरोप लगाए गए हैं कि नाले की सफाई हुई नहीं, फिर भी बंटी टैक्स वसूल लिया गया। गली सड़क निर्माण में भी कमीशन लेने के आरोप लगे हैं।
स्मार्ट सिटी, नमामि गंगे, सामुदायिक शौचालय तक में कमीशन खोरी के आरोप इस गीत में लगाए गए हैं। नगर निगम में होने वाले काम के अलावा सड़क पर रेहड़ी और ठेला लगाने वालों से भी वसूली के आरोप इस गीत में लगाए जा रहे हैं। जिसके बाद यह ऑडियो क्लिप नगर निगम और पूरे शहर में जमकर वायरल हो रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ‘बंटी टैक्स’ की ऑडियो क्लिप के बारे पार्षदों ने कहा कि यह क्लिप समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने वायरल कराई है। पार्षद विकास जायसवाल ने कहा कि जब उनकी पत्नी मेयर का चुनाव लड़ रही थी, तो उन्होने ही यह गाना बनवाया था। अब वह कह रहे हैं कि कभी यह गाना बजाया ही नहीं। यह सरासर झूठ है। 

Related News