
संवाददाता
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के एक गांव में ग्रामीणों ने एक युवक को खंभे से बांधकर पीटा। युवक महिला से मिलने उसके पति की गैरहाजिरी में आया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
ग्रामीणों के अनुसार एक किसान की पत्नी का रसूलाबाद निवासी संजय नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किसान की अनुपस्थिति में संजय अक्सर महिला से मिलने उसके घर आता था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
जब किसान अपनी बहन के घर मेहरवान सिंह पुरवा गया हुआ था। देर रात संजय महिला के घर पहुंचा। ग्रामीणों ने घर को घेर लिया। खुद को घिरा देखकर युवक ने छत के रास्ते भागने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया।
इसी दौरान महिला ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि ग्रामीण घर आए एक रिश्तेदार को चोर समझकर पीट रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने पर किसान भी थाने पहुंचा और पुलिस को युवक के बारे में पूरी सच्चाई बताई। उधर, प्रेमी के थाने पहुंचते ही महिला अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर घर में ताला लगाकर गांव से फरार हो गई।
चौकी प्रभारी समर सिंह ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजय निवासी रसूलाबाद बताया है। संजय ने दावा किया है कि महिला ने उसे रिश्तेदारी के चलते घर बुलाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






