February 13, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
आजाद नगर गंगा बैराज रोड पर लोगों ने शराब की दुकान पर पहुंचकर शराब की दुकान की आरती करनी शुरू कर दी। आजाद नगर दंडी आश्रम के संत महंत भी  आरती में खड़े रहे। इसके साथ ही क्षेत्रीय जनता भी हाथों में मोमबत्ती और पोस्टर लेकर दारू मैया की आरती गाने लगी । लेकिन यह पूजा करने की आरती नहीं थी। बल्कि शराब की दुकान के विरोध में इलाकाई लोगों ने और दंडी आश्रम के संतों ने अनोखा प्रदर्शन किया। यहां के लोगों की मांग है, कि आश्रम की जगह पर और मंदिर के एकदम समीप दारू का ठेका खोल दिया गया ।जिसका कुछ दिन पहले भी विरोध किया गया था। लेकिन उसके बावजूद दारू और बियर का ठेका उसी तरह से चल रहा है।
आश्रम के लोगों ने बताया कि दण्डी आश्रम आजाद नगर कानपुर का एक अति प्राचीन और आजादी से पहले का धार्मिक स्थल है। जिसका संचालन ज्योतिष पीठ ज्योतिर्मठ बद्रीनाथ उत्तराखण्ड हिमालय द्वारा किया जाता है। आश्रम के पूर्वी दक्षिण कोण पर मृत्यून्जय महादेव मंदिर, मध्य में भगवान आदि शंकराचार्य मंदिर, सिद्धेश्वर  महादेव मंदिर एवं पश्चिम दक्षिण कोण पर दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर स्थित है। इस आश्रम के चार गेट है। गेट नं. 1 मृत्यून्जय महादेव मंदिर के बगल से गली में स्थित है।
मध्य में गेट नं. 2 से आम जन मानस आश्रम में आते जाते है, गेट नं. 3 किसी विषेश आयोजन में खोला जाता है एवं गेट नं. 4 दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर के पास स्थित है। सभी गेट आवश्यकतानुसार प्रयोग होते है। लेकिन बीते दिनों मृत्युंजय मंदिर के समीप ही अंग्रेजी शराब और बियर का ठेका संचालित कर दिया गया । दरअसल यह स्थान एक व्यक्ति की सालों पूर्व रहने के लिए दिया गया था । उनके पौत्र इसको दुकान बना कर किराए पर चला रहे थे, कोई आपत्ति नहीं थी । लेकिन अब यह स्थान शराब की दुकान खोलने के लिए किराए पर दे दिया गया है। इसलिए आम जन और संत इसका विरोध कर रहे है।
पंद्रह दिन पहले 9 अप्रैल को इस दुकान के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया था ।इसके बाद मौके पर पुलिस भी आई थी। दंडी आश्रम के लोगों ने जिलाधिकारी से जाकर शिकायत भी की थी। इसके बाद जांच के निर्देश दिए गए थे। लेकिन आबकारी विभाग की जांच में इस जगह को शराब की दुकान के लिए सही बता दिया गया।
इलाकाई लोगों को लगा कि आश्रम की जमीन पर और मंदिर के समीप दारू का ठेका होने का विरोध करने और शिकायत के बाद भी यह नहीं हटाया गया है। इसलिए विरोध स्वरूप दारू मैया  की आरती करते हुए इस दुकान को यहां से कहीं और हटाए जाने की मांग प्रशासन से क्षेत्रीय लोगों और दंडी आश्रम के संतों ने की है । 

क्षेत्रीय लोगों ने दुकान के सामने बैनर, पोस्टर लेकर यहां से शराब की दुकान हटाए जाने के लिए दारू मैया की आरती की, बाकायदा हाथों में थाली लेकर, कपूर जलाकर अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान के सामने गाकर आरती की गई।

दंडी आश्रम के संतों ने एक बैठक की जिसमें फैसला लिया गया है, कि 3‌ मई तक अगर यहां से शराब की दुकान नहीं हटी तो अनशन किया जाएगा। संत खुद यहां पर बैठ जाएंगे और इस शराब की दुकान का विरोध करेंगे। आबकारी विभाग की जांच पर भी सवाल उठाए गए हैं। 

Related News