
संवाददाता
कानपुर। इंटर के मेधावी छात्र रौनक पाठक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जूही यार्ड के पास हुई। परिजन इस सदमे से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। खुदकुशी की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में पढ़ाई के दबाव का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस अब छात्र के मोबाइल और लैपटॉप की जांच करेगी।
मृतक छात्र रौनक बृज किशोरी देवी मेमोरियल स्कूल में पढ़ता था और हाईस्कूल में सिटी टॉपर रहा था। उसने 97.04 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया था। उसका स्वभाव शांत और पढ़ाई में हमेशा आगे रहने वाला बताया जा रहा है।
पिता आलोक पाठक प्राइवेट नौकरी करते हैं और परिवार में मां ललिता और बड़ी बहन मिनी भी हैं। बेटे की मौत से पूरा परिवार टूट चुका है। पिता ने कहा कि वह बिना कुछ कहे चला गया… समझ नहीं आ रहा उसने ऐसा क्यों किया?”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पढ़ाई का प्रेशर या किसी अन्य तनाव को लेकर उसने यह कदम उठाया होगा। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड के पीछे कारण जानने के लिए डिजिटल डिवाइसों की जांच की जा रही है।
पड़ोसियों और शिक्षकों के मुताबिक रौनक हमेशा आगे बढ़ने का जज्बा रखने वाला और बेहद होशियार लड़का था। स्कूल में हमेशा टॉप में रहता था। उसकी मौत से इलाके और स्कूल में गम का माहौल है। सभी की जुबान पर एक ही सवाल है कि “ऐसा बच्चे को क्या दर्द मिला कि किसी से कह भी न सका?”
मृतक छात्र के पिता आलोक पाठक प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में मां ललिता और बड़ी बहन मिनी हैं। पिता ने बताया कि रौनक बाइक लेकर निकला था। काफी देर तक नहीं लौटा तो मैंने और बेटी ने उसे कॉल की। उसका फोन नहीं उठा तो हम लोगों ने उसके दोस्तों को कॉल मिलाई।
रौनक का जब कहीं कुछ नहीं पता चला तो हम लोग घबरा गए। उसे आसपास खोजने के लिए निकले। जैसे ही रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे तो देखा कि रौनक की बाइक किनारे खड़ी थी। कुछ कदम आगे बढ़े तो पटरियों के पास रौनक का शव खून से लथपथ पड़ा था।
बेटे की लाश देखते ही मां ललिता बेसुध हो गईं। होश आने के बाद वह लगातार यही कह रहीं कि ऐसी क्या मजबूरी थी, जो रौनक ने अपनी जान दे दी। उसके बिना अब हम लोगों का क्या होगा।
इधर, हादसे की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। अभी उसकी आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। रौनक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। उसके दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।






