
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर पालिका प्रशासन और अधिशासी अधिकारी द्वारा 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राजकीय हाई स्कूल राधन में ध्वजारोहण किया गया।
इस आयोजन में अधिशासी अधिकारी ने देश की अखंडता और राष्ट्र के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित या विकासशील राष्ट्र की उन्नति के लिए शिक्षा ही मुख्य केंद्र है।
उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथन का उल्लेख किया कि जो शिक्षा रूपी दूध पिएगा, वह दहाड़ेगा। इसी परिकल्पना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सस्ती, अच्छी और गुणवत्तापरक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें ‘एशिया स्कूल’ एक पहल है।
अधिशासी अधिकारी ने देश और प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान की भावना और लोकतंत्र की शक्ति को सलाम करने का दिन है। यह दिन स्वतंत्रता, समानता और न्याय का महत्व सिखाता है।
ध्वजारोहण के बाद मिष्ठान वितरण किया गया। बिल्हौर पालिका प्रशासन ने सभी नगर पंचायत वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।





