March 5, 2026

संवाददाता

कानपुर।  सीसामऊ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 4 लुटेरों को गिरफ्तार किया है। लुटेरे यात्रियों को ऑटो में बिठाकर उनसे नकदी, मोबाइल और जेवर लूट लेते थे। लुटेरों के पास से एक ऑटो और 6 हजार रुपए बरामद हुए है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे जेके जूट मिल वाली गली में शराब पार्टी कर रहे थे, इस दौरान पुलिस ने लुटेरों को धर दबोचा। पकड़े गए लुटेरे काकादेव थाना क्षेत्र से भी जेल जा चुके हैं।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने सोमवार को घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि नेपाल के कपड़ा व्यापारी रामबहादुर बुडा फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। 4 जनवरी को वह अहमदाबाद से नेपाल अपने घर जा रहे थे। वह फजलगंज में बस से उतरे। आरोपियों ने फजलगंज से टाटमिल जाने के लिए कारोबारी को ऑटो में बिठाया। रास्ते में मारपीट करके 11500 रुपए छीनने के बाद कारोबारी को गुंजन टाकीज के पास फेंक दिया था।
पीड़ित की तहरीर पर सीसामऊ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसके बाद चेकिंग के दौरान पुलिस ने चारों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लुटेरों में रावतपुर के गुप्ता कालोनी का सरगना राघवेंद्र गुप्ता, दर्शन पुरवा का युवराज तिवारी, अशोक नगर का विजय वर्मा और फजलगंज लोनिया का उस्मान अली शामिल हैं।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे पिछले साल काकादेव से भी लूट के मामले में जेल जा चुके हैं। इनसे पास से 6 हजार रुपए और वारदात में शामिल आटो भी बरामद की गई है।