March 3, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने शहर से विभिन्न रूटों पर होली स्पेशल बसें चलाने का फैसला किया है। 28 फरवरी से 10 मार्च तक अधिक यात्रियों वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें शुरू कर दी गई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, जिन रूटों पर त्योहार के दौरान बाहर नौकरी करने वाले और पढ़ाई करने वाले लोगों की भीड़ ज्यादा रहती है, वहां बसों की संख्या बढ़ाई गई है। कानपुर रीजन में करीब 750 बसें संचालित हैं, जिनमें से जरूरत के अनुसार स्पेशल बसें लगाई गई हैं।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि दिल्ली, गोरखपुर, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी रूट पर यात्रियों को हर 30-30 मिनट में बस उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ लखनऊ, कानपुर और दिल्ली के बीच होती है। इस लिए परिवहन निगम ने इन रूटों पर ज्यादा बसें लगाई हैं। जरूरत पड़ने पर इसके बाद भी अतिरिक्त रोडवेज बसें लगाई जाएंगी।
बसों के संचालन के लिए मण्डल के विभिन्न डिपो के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों की 28 फरवरी से 10 मार्च तक होली की छुट्टियां निरस्त कर दी गई है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि होली के दौरान यात्रियों को समय पर घर पहुंचाने के लिए बस अड्डों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। चालक-परिचालकों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। इस बार यात्रियों को बसों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा और त्योहार पर सफर सुगम रहेगा।