March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
 अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार दो कारोबारी दोस्तों सहित 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों आजमगढ़ से लखनऊ लौट रहे थे। तड़के साढ़े तीन बजे कैंटीन पर खाना खाने के लिए कार को मोड़ रहे थे, तभी दूसरी ओर से जा रहा ट्रक सामने आ गया।ड्राइवर कार को संभाल नहीं पाया और कार ट्रक से जा टकराई। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के 60.1 किमी पॉइंट पर हुआ। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। देखा तो तीनों के शव कार में फंसे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को निकालने की कोशिश की, लेकिन शव नहीं निकले। इसके बाद पुलिस ने क्रेन से कार को खिंचवाया। फिर दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। करीब 2 घंटे तक शव फंसे रहे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पिचक कर आधी रह गई। एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन उससे किसी की जान नहीं बच पाई। मरने वालों में से दो लोग कानपुर और एक लखनऊ के निवासी थे।
मृतकों की पहचान कानपुर के बर्रा निवासी अर्पित विश्वकर्मा, विनय दुबे और लखनऊ के पराग डेयरी निवासी विमल पांडेय के रूप में हुई है। 

विनय दुबे एक कंपनी चलाते थे। कंपनी के माध्यम से वे अलग-अलग शहरों में लगने वाली प्रदर्शनियों में कैनोपी और साइड वॉल बनाने का ठेका लेते थे। विमल पांडेय उनके पुराने दोस्त और बिजनेस पार्टनर थे। दोनों को आजमगढ़ में एक प्रदर्शनी का ठेका मिला था। ड्राइवर अर्पित विश्वकर्मा को लेकर दोनों ब्रेजा कार से साइट देखने आजमगढ़ गए थे। वहाँ से देर रात लखनऊ लौट रहे थे।
तड़के साढ़े तीन बजे तीनों अमेठी के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के 60.1 किमी पॉइंट पर पहुंचे। कैंटीन कट के पास चाय पीने के लिए कार को रोड की दूसरी तरफ मोड़ रहे थे। इसी दौरान दूसरी साइड से एक हरियाणा नंबर का ट्रक अचानक  सामने आ गया।
ड्राइवर कुछ समझ पाता, उसके पहले कार की ट्रक से टक्कर हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कार से निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रही। क्रेन बुलाई गई। क्रेन की मदद से पहले कार को ट्रक के नीचे से निकाला गया।
कार के गेट को तोड़कर तीनों के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को रोड की साइड में करवाया। तीनों को शुकुल बाजार सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों की जेब में मिले आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त हुई।
थाना अध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि हादसा कैंटीन कट पर हुआ। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।