
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर बंबा के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही रोडवेज बस को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस चालक समेत 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
महोबा जिले के राठ डिपो के चालक पनवाड़ी निवासी शकील अहमद ने बताया कि वह देर रात कानपुर से करीब 45 यात्रियों को लेकर राठ जा रहे थे। जैसे ही बस धरमपुर बंबा के पास पहुंची, सामने से आ रहा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस चालक शकील अहमद के साथ ही कंडक्टर रामपाल सिंह निवासी कुलपाड़ा महोबा, राठ के गायत्री नगर निवासी 33 वर्षीय हरदेवी पत्नी डॉ. मनोज कुमार, 41 वर्षीय डॉ. मनोज कुमार और पनवाड़ी महोबा निवासी 37 वर्षीय सुरेंद्र राजपूत घायल हो गए।
सभी को तत्काल एम्बुलेंस से पतारा सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कानपुर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही घाटमपुर पुलिस और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और डंपर को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया।
एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के कारण कानपुर-सागर हाइवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। शंभूहा से लेकर पतारा तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस और एनएचआई की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर सड़क खाली करवाई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।






