September 8, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में नगर निगम के इस कार्यकाल के सदन से पहले पार्षद सर्वदलीय बैठक करेंगे। गुरुवार को पार्षदों ने इसकी रणनीति तैयार कर, 20 अगस्त को बैठक बुलाई है। नगर निगम में ही होने वाली सर्वदलीय बैठक में हर दल से 5 पार्षद जुड़ेंगे। इसके साथ ही जिनकी सीटें कम हैं, उन्हें भी इस बैठक का न्योता दिया जाएगा।महापौर प्रमिला पांडेय ने 24 अगस्त को सदन बुलाने की तैयारी की है। अखबारों में सदन की तारीख छपने के बाद गुरुवार को भाजपा, कांग्रेस और सपा के पार्षदों के साथ निर्दलियों का भी जमावड़ा रहा। पुरुष पार्षद कक्ष में बैठक कर तय किया गया कि सदन से पहले पार्षदों की सर्वदलीय बैठक की जाएगी, जिसमें तय किया जाएगा कि सदन में किन मुद्दों पर अधिकारियों को घेरना है। कांग्रेस से आदर्श दीक्षित ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में ही मुद्दे तय किए जाएं, और क्रमवार सदन के सामने रखे जाएं। भाजपा के वरिष्ठ पार्षद नवीन पंडित ने कहा कि जो भी घोटाले या भ्रष्टाचार नगर निगम अधिकारियों ने किया है उसे प्रमुखता से सदन में उठाया जाए। वरिष्ठ भाजपा पार्षद महेंद्र पांडेय पप्पू ने कहा कि हमें सिर्फ अपने वार्ड की नहीं सोचना है, पूरे शहर की समस्याओं पर चर्चा हो यह ध्यान रखना है। सपा के पार्षद अभिषेक गुप्ता मोनू ने कहा कि सदन में आपस में भिड़ने से समय खराब होता है, इसलिए ध्यान दिया जाए कि ज्यादा से ज्यादा समस्याएं महापौर और अधिकारियों के सामने रखी जाएं। इस दौरान वार्ड 18 के भाजपा पार्षद पति विजय गौतम, अनूप शुक्ला, पूर्व पार्षद जीतेंद्र गुप्ता समेत कई लोग रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *