September 8, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में आरिफ और सारस की दोस्ती फिर से चर्चा में आ गयी है। कानपुर चिड़ियाघर में रखे सारस से मिलने के लिए उनके दोस्त आरिफ चुपचाप टिकट लेकर पहुंच गए। आरिफ को देखते ही सारस खुशी से झूम उठा। बाड़े में पंख फैलाकर खुशी का इजहार किया। मुलाकात के दौरान सारस आरिफ से मिलने के लिए बाड़े के बाहर निकलने को बेताब दिखा। गुरुवार को सारस से मिलने आरिफ ने 9 मिनट का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया है। इस दौरान आरिफ ने कहा कि सारस पिंजड़े में तड़प रहा है। 22 मार्च 2023 को अमेठी की कुछ तस्वीरें वायरल हुईं थीं। इनमें आरिफ एक सारस के साथ दिख रहा था। दोनों की तस्वीरें दोस्ती की मिसाल की तरफ वायरल होने लगीं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आरिफ और सारस से मिलने के लिए पहुंचे। इसके बाद 9 अप्रैल 2023 को वन विभाग के लोग आरिफ के पास पहुंचे। चूंकि सारस वन्य जीव है। इसलिए, इसको चिड़ियाघर में शिफ्ट करने का दबाव बनाया। आरिफ के विरोध के बावजूद सारस को कानपुर चिड़ियाघर में शिफ्ट किया गया। 12 अप्रैल 2023 को आरिफ कानपुर चिड़ियाघर में सारस से मिलने के लिए पहुंचे। उस वक्त भी सारस के ऐसे ही खुशी जाहिर करने के विजुअल सामने आए थे। अब 13 जुलाई को आरिफ सारस से मिलने के लिए एक बार फिर चिड़ियाघर पहुंचे। आरिफ ने बताया कि सारस पहले के मुकाबले काफी दुबला हो गया है। वो बाड़े में काफी परेशान रहता है। उसको इस हालत में देखकर बड़ा दुख हुआ। वो अब भी कोशिश कर रहे हैं कि वो जैसे पहले खुले में रहता था। उसे उसी हाल में छोड़ दिया जाए, भले उसे न सौंपा जाए। आरिफ और सारस की मुलाकात करीब 3 महीने बाद हुई है। आरिफ गंगा बैराज से होते हुए कानपुर में दाखिल हुए थे। आरिफ ने गंगा बैराज से लेकर मुलाकात और उसके बाद लौटने का पूरा वीडियो बनाया। आरिफ ने बेहद उदास होकर कहा कि मेरा बस चले तो मैं रोज सारस से मिलने के लिए जाऊं। आरिफ ने बताया कि जब वे चिड़ियाघर पहुंचे तो उन्होंने मास्क लगा लिया। ताकि कोई पहचान न सके। उन्होंने कहा कि पार्किंग में एक लड़का पहचान गया। करीब 15 मिनट तक चिड़ियाघर में सारस का बाड़ा ढूंढना पड़ा। सारस के बाड़े तक पहुंचे। मास्क लगाए रहने के दौरान सारस नहीं पहचान सका। मास्क उतारते ही सारस ने गर्दन नीचे ऊपर कर आरिफ से मुलाकात कर खुशी जताई। आरिफ जब वापस लौटने लगे तो सारस आरिफ के साथ जाने के लिए बाड़े में ही पीछे-पीछे दौड़ने लगा। इस वाकया की जानकारी जब जू प्रशासन को सोशल मीडिया से हुई तो उन्होंने भी CCTV खंगाले, जिसमें आरिफ के आने की पुष्टि हुई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *