October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में उत्तर प्रदेश टैक्सटाइल टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट के बीटेक कर रहे लगभग डेढ़ सौ छात्र-छात्राओं को प्लेसमेंट मिला है। प्लेसमेंट लगभग 100% हुआ है। यहां पर टेक्सटाइल की 4 ब्रांच हैं, जिसमें लगभग 210 सीटें थी। अंतिम वर्ष बच्चों की संख्या लगभग 180 थी और भी कई बच्चों का प्लेसमेंट हुआ था, लेकिन उन्हें अपने आगे की पढ़ाई चालू रखनी थी, इस कारण उन्होंने जॉब छोड़ दी। इंस्टिट्यूट के रजिस्टार प्रो. प्रसाद विश्नोई ने बताया कि इस वर्ष इंस्टिट्यूट में 25 कंपनियों ने साक्षात्कार लिया था। इंस्टिट्यूट में आने वाली कंपनियां बेंगलुरु, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, नोएडा, मुंबई, राजस्थान आदि स्थानों की थी। उन्होंने अक-अक कर छात्र-छात्राओं से बातचीत की। कंपनी के करीब 2 से 3 अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार लिया। इसके बाद उन्हें जॉब के लिए चुना। प्रो. प्रसाद ने बताया कि ट्राइडेंट ग्रुप ने यूपीटीईटीआई के 6 छात्रों को 18 लाख का पैकेज दिया है। यह कंपनी पंजाब की है। इसके अलावा वेलस्पन इंडिया लिमिटेड ने 15 बच्चों को जॉब दी है, जिनका पैकेज 3.6 लाख रुपए है। रिलायंस पेट्रोल ने 12 बच्चों को 7.5 लाख का पैकेज दिया है। नाहर ग्रुप ने 12 बच्चों को 3 लाख का पैकेज दिया है। इसके अलावा जयश्री टैक्सटाइल, वर्धमान टैक्सटाइल, शाही एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, जीबीटीएल, आरएसडब्ल्यूएम, विमल, ओसवाल वूलन मिल्स, सनातन टेक्सटाइल, एमएसएफ उन्नाव, आरएस इंस्पेक्शन, हरियाणा टैक्स प्रिंट, पीएनआर इंडस्ट्रीज, राजश्री पॉलीफिल समेत 25 कंपनियों ने लाखों का पैकेज दिया है। टेक्सटाइल में बीटेक करने के लिए छात्र-छात्राओं के पास चार ब्रांचे हैं। टैक्सटाइल केमेस्ट्री, टैक्सटाइल टेक्नोलॉजी, टैक्सटाइल इंजीनियरिंग, मैन मेड फाइबर टेक्नोलॉजी। टैक्सटाइल टेक्नोलॉजी में 40, इंजीनियरिंग में 40, केमिस्ट्री में 60 और मैन मेड में 60 सीटें होती हैं। प्रो. प्रसाद ने बताया कि कोरोना काल के समय प्लेसमेंट काफी कम हो गया था। कुछ बच्चों का प्लेसमेंट हुआ था, लेकिन कंपनियों की तरफ से बुलावा ही नहीं आया। हालांकि 5 से 6 माह बाद धीरे-धीरे कर बच्चों का बुलावा आने लगा था। पिछले साल के मुताबिक इस वर्ष 10% प्लेसमेंट में इजाफा हुआ है। 2019-20 में कोरोना के चलते लगभग 80 से 90 छात्र-छात्रों का प्लेसमेंट हुआ था। 2020-21 में 103 छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हुआ। 2021-22 में 138 छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट हुआ और इस वर्ष लगभग 150 का प्लेसमेंट हुआ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *