September 8, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में सावन के पहले सोमवार में अपने भगवान शिव के दर्शन को लाखों की संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचने लगे हैं। शिवालयों को खूब सजाया गया है। रविवार की रात 1 बजे से ही आनंदेश्वर मंदिर में भक्तों की कतार लग गई। 2 बजे मंगला आरती के बाद पट भक्तों के लिए खोल दिए गए। सिद्धनाथ मंदिर में सावन के सोमवार का उत्साह एक दिन पहले से ही दिखा। जागेश्वर, नागेश्वर,वनखंडेश्वर, खेरेश्वर मंदिर में भोर से ही भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। मंदिरों में सुरक्षा के विशेष व्यवस्था की गई है। आठ ड्रोन व 50 वीडियोग्राफी कैमरे की टीम भी मौजूद रहेगी। परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में रात 12 बजे शयन आरती के बाद बाबा के पट बंद हो गए। पहले सोमवार को बाबा के दर्शन को भक्त रात से ही पहुंच गए। रात 1 बजे से ही भक्त पट खुलने के इंतजार में इकट्ठा होने लगे। रात 2 बजे ही मंगला आरती के बाद पट खोल दिए गए। बम-बम शिव-शिव, हर-हर महादेव की गूंज के बीच बाबा की पूजा अर्चना हुई। जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर में भोर में मंगला आरती के बाद पूजा अर्चना शुरू हो गई। मंदिर के पुजारी मुन्नी लाल ने बताया कि परिसर में हर दिन रुद्राभिषेक, जलाभिषेक होगा। नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर में सुबह से ही भक्त उमड़ने लगे। सोमवार मध्यरात्रि दो बजे जूना अखाड़ा के महंत अरुण भारती व पुजारियों ने महादेव का शृंगार कर आरती पूजन किया। शृंगार से पहले महादेव पर गंगा जल, दूध, शहद, चंदन, दही, अक्षत, बेल पत्र और पुष्प अर्पित किया गया। मंगला आरती के बाद मंदिर के पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। भक्तों ने बारी-बारी गर्भ गृह में प्रवेश कर महादेव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। शिव भक्तों की टोली ने पुलिस बल के साथ भक्तों को दर्शन कराने में अहम भूमिका निभाई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *