October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। वाराणसी में झमाझम बारिश हो रही है। प्रयागराज, कानपुर, भदोही और आजमगढ़ में भी आज सुबह बरसात हुई। कानपुर में रात में भी रुक-रुककर बारिश होती रही। लखनऊ में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश में आज बारिश और घने कोहरे का अलर्ट है।मौसम विभाग ने 18 जिलों में बारिश और 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे तक कोहरे का दौर जारी रहेगा। जबकि 9 जनवरी तक बारिश के आसार बने हुए हैं। जबकि लखनऊ, गोरखपुर सहित 8 शहरों में बुधवार को कोल्ड डे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, कुशीनगर, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर-खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, लखनऊ, अयोध्या और बाराबंकी में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 8 जिले बेहद ठंडे यानी कोल्ड डे के रूप रहे। बुधवार की बात करें तो मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। आईएमडी के मुताबिक मेरठ, लखनऊ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, बरेली, बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर भी कोल्ड डे की चपेट में रहे। बुधवार की बात करें तो देर रात तक भदोही में सबसे ज्यादा 8.5 मिमी. बारिश रिकॉर्ड हुई। जो प्रदेश में किसी जिले में सबसे ज्यादा है। इसके बाद प्रयागराज, कानपुर देहात, जालौन और कानपुर नगर में सबसे ज्यादा बारिश हुई। वहीं प्रदेश में औसत कुल बारिश 0.4 मिमी. रिकॉर्ड की गई। आईएमडी के मुताबिक, बुधवार सुबह बहराइच में विजिबिलिटी 25 मीटर रही। वहीं मेरठ, झांसी, गोरखपुर और बरेली में 50 मीटर की विजिबिलिटी रही। जबकि घने कोहरे के चलते लखनऊ और वाराणसी में 200 मीटर विजिबिलिटी रही। अगले 48 घंटों तक यूपी में घना कोहरा बना रहेगा। लखनऊ में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हल्की हवा भी चल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 और 10 जनवरी को लखनऊ में बारिश के आसार हैं। गरज-चमक के साथ पानी बरस सकता है। बुधवार सुबह लखनऊ में झमाझम बारिश हुई थी। प्रयागराज में गुरुवार को दूसरे दिन भी तड़के बारिश हुई। तेज गरज के साथ शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर दो घंटे तक जारी रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 14°C, जबकि अधिकतम तापमान 20°C दर्ज किया गया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच केवल 6°C का अंतर होने के कारण दिन में भी लोगों को गलन भरी सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। फिलहाल बारिश के बाद शहर में कोहरा छट गया, लेकिन सुबह फिर कोहरे की हल्की चादर छा गई।सहारनपुर में पिछले 5 दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी इसका प्रभाव है। कंपाने वाली ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कोहरा पड़ने के कारण गुरुवार सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर तक रही। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 18°C और न्यूनतम तापमान 6°C तक पहुंच गया है। हालांकि बीते दिन से न्यूनतम तापमान 2°C बढ़ा है। एक किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जबकि एक्यूआई 408 है। बरेली में आज सुबह से शीतलहर जैसा मौसम है। कोहरा नहीं होने से भी दृश्यता कम है। आज सुबह न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 15 डिग्री रहने का अनुमान है। कल की अपेक्षा आज अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की कमी रहेगी। हवा की स्पीड 4 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। आगरा में आज तीसरे दिन भी कोल्ड डे कंडीशन बनी है। अधिकतम तापमान नॉर्मल से 10 डिग्री कम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बुधवार को मिनिमम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी। गुरुवार को आगरा में सुबह से ही शीतलहर चल रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *