October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में जीजा के साथ बाइक पर जा रही लड़की को प्रेमी ने हाइवे पर रोका। फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए। जब कुल्हाड़ी टूट गई तो चाकू से गोदकर उसे मार डाला। इसके बाद मौके से फरार हो गया और जहर खा लिया। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बिल्हौर थाना क्षेत्र के राणा गांव के सामने के ओवर ब्रिज की है।
सूचना मिलने के बाद सहायक पुलिस आयुक्त अजय द्विवेदी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। वहां पर आसपास के गांवों के लोगों भी भीड़ भी जमा हो गई। बिल्हौर थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव के लवकुश कश्यप खेती-बाड़ी व मजदूरी करते हैं। उनके 4 बच्चे मिथुन, शरमन, रुबी और सन्नो में मिथुन और रुबी की शादी हो चुकी है। सभी में सबसे छोटी सन्नो की भी कुछ दिनों में शादी होने वाली थी। लोगों की माने तो पड़ोसी युवक सुरेश का युवती सन्नो (20 वर्ष) से 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी सुरेश पहले कपड़े की दुकान करता था, इस समय कुछ भी नहीं कर रहा था। युवक का प्रेमिका के घर से 100 मीटर दूरी पर घर है। परिजनों ने सन्नो की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। प्रेमिका की शादी तय होने से प्रेमी नाराज था। सन्नो अपने जीजा सनोज निवासी धमनी निवाड़ा और भतीजे राज के साथ अपनी दीदी रूबी के घर जा रही थी। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। ये लोग अभी राणा गांव के सामने के ओवर ब्रिज पर ही पहुंचे थे। तभी लड़की के गांव का ही सुरेश कुमार एकाएक बाइक लेकर सामने आ गया। इसके कारण सनोज ने अचानक बाइक रोकी। तभी सुरेश अपनी बाइक से उतरा और सन्नो की ओर कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा। सुरेश सन्नो पर कुल्हाड़ी से लगातार वार करने लगा। इस बीच जीजा ने सन्नो को बचाने की कोशिश की, लेकिन सुरेश इतना गुस्से में था कि लगातार हमला करता रहा। सुरेश ने सनोज को भी घायल कर दिया। लगातार हमले के कारण उसकी कुल्हाड़ी भी टूट गई। कुल्हाड़ी टूटने पर प्रेमी ने चाकू से कई वार कर प्रेमिका की हत्या कर दी। इसके बाद मौके से बाइक लेकर प्रेमी फरार हो गया। इसके बाद घर पहुंचने के बाद सुरेश उर्फ करण ने जहर निगल लिया। इस बीच घटना की सूचना मिलने के बाद आरोपी की तलाश कर रही पुलिस उसके घर पहुंची। युवक की हालत देखकर उसे इलाज के लिए बिल्हौर सीएचसी लेकर पहुंची। यहां से डॉक्टरों ने उसे कानपुर, हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि कानपुर ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जीजा सनोज कुमार ने बताया, मेरा बेटा कई दिनों से मेरी ससुराल में था। मैं उसे लेने के लिए गदनपुर गांव गया था। जब मैं लौटने लगा तो मेरी साली भी मेरे घर आने को तैयार हो गई। रविवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मैं अपने बेटे व साली को लेकर बाइक से अपने घर के लिए निकला। सुरेश हमारा पीछा कर रहा था। अभी कुछ ही दूर आया था कि सुरेश ने हाइवे पर मेरी बाइक के सामने अपनी बाइक लगा दी। उसने हमें बाइक से गिरा दिया और सन्नो पर टूट पड़ा। मैंने कुल्हाड़ी छिनी तो मुझ पर भी हमला कर दिया। घटना में मैं भी घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती व उसके बहनोई को आनन-फानन में शिवराजपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर बिल्हौर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या करने के बाद युवक ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *