October 23, 2024

संवाददाता।
कानपुर। प्रदेश भर में पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 31 दिसम्बर तक चलेगा। अभियान के दौरान दीपावली पर घर आने वाले पात्र प्रवासियों और गृहस्थी राशन कार्ड पात्रता सूची में छह या छह से अधिक सदस्यों वाले लाभार्थी परिवारों को सेवा देने पर विशेष जोर होगा। इस सम्बन्ध में प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर दिशा निर्देश भी दिए हैं। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. एसपी यादव ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड धारक प्रति लाभार्थी परिवार को पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा दी जाती है। कार्डधारकों को देश के किसी भी सम्बद्ध सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती होने के बाद यह सुविधा बिना समय गवाएं मिलती है। इस योजना से हाल ही में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पात्रता सूची में छह या छह से अधिक सदस्यों वाले परिवारों को भी जोड़ा गया है। ऐसे परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है जिनमें केवल वरिष्ठ नागरिक ही सदस्य हैं। ऐसे नए सदस्यों का कार्ड बनाने पर अधिक जोर है। प्रमुख सचिव के पत्र के अनुसार विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैम्प लगाए जाएंगे। कैम्प के एक दिन पहले योजना के लाभार्थियों को आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के जरिए आयोजन स्थल की सूचना दी जाएगी। ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी इस अभियान के नोडल अधिकारी होंगे और वह एक नोडल टीम गठित करेंगे, जो कार्ययोजना को पूरा कराएगी। अभियान की सफलता के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लेने के लिए कहा गया है। प्रमुख सचिव ने इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने का भी निर्देश दिया है। डॉ. एसपी यादव ने बताया कि प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह लोगों के बीच आयुष्मान एप की मदद से खुद आयुष्मान कार्ड बनाने के तरीकों के बारे में प्रचार प्रसार करें। जन औषधि केंद्रों और समाचार पत्रों के माध्यम से क्यू आर कोड का प्रदर्शन किया जाए, जिसे स्कैन कर लोग अपने मोबाइल में आयुष्मान एप के इस्तेमाल के तरीके का वीडियो देख सकें और खुद अपना कार्ड बना सकें। नोडल अधिकारी के अनुसार पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पात्रता सूची में जनपद के छह या छह से अधिक सदस्यों वाले 55,700 परिवारों और सभी वरिष्ठ सदस्यों वाले 29,777 परिवारों को योजना में शामिल किया गया है। पात्र गृहस्थी राशन कार्ड वाले 3,53,383 पात्र लाभार्थियों में से केवल 1,39,681 लाभार्थियों का ही आयुष्मान कार्ड अभी तक बनाया जा सका है। अभियान के जरिए 2,59,893 अन्य लाभार्थियों का कार्ड बनाने पर विशेष जोर होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News